मजदूर दिवस पर अवकाश घोषित करेगी कांग्रेस: कमलनाथ

Jul 15, 2023 - 05:38
Nov 10, 2023 - 09:06
 0
मजदूर दिवस पर अवकाश घोषित करेगी कांग्रेस: कमलनाथ

शिवराज जी मुंह चलाने से प्रदेश नहीं चलता - कमलनाथ

मोदी रेल में चाय बेचते थे अब रेल के डिब्बे ही बेच रहे हैं - मुकेश नायक

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज राजधानी भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के पिपलानी क्षेत्र में आयोजित जनसभा में उमडे़ जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि आपका प्यार और विश्वास मुझे बल और शक्ति देता है। मजदूर दिवस पर श्रम शक्ति के मंदिर को मैं प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे याद है जब हम यहां से गुजरते थे 15-20 साल पहले, शिफ्ट खत्म होती थी, हजारों मजदूर दिखते थे, 25 हजार मजदूर से अब केवल 4-5 हजार मजदूर बचे हैं। पं. जवाहर नेहरू, इंदिरा गांधी ने मजदूरों के लिए कानून बनाये थे, आज इन कानूनों का पालन नहीं हो रहा। मजदूरों के सम्मान में कांग्रेस ने कानून बनाये। कितने प्यार से पं. जवाहर लाल नेहरू और डॉ. शंकर दयाल शर्मा ने भेल की स्थापना की थी, भेल की कॉलोनी भारत की संस्कृति का प्रतीक है। उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम के मजदूर यहां काम करते हैं, सालों से हमारे देश की यही पहचान रही है। कितने धर्म है, जातियां हैं जो दक्षिण से आये, पश्चिम से आये यहां की बोली ठीक से नहीं बोल सकते थे, लेकिन यहां हमारे भाईयों से मिले, यहीं हमारी संस्कृति है। हर जाति, हर धर्म का अपना त्यौहार है, यह हमें आज अपने भारत को समझना है, जो हमारी संस्कृति है।

कमलनाथ ने कहा कि मैं गर्व से कहता हूं मैं हिन्दू हूं, पर बेवकूफ नहीं हूं, यह समझने की जरूरत है, बहुत बड़ी चुनौती हमारे सामने है। आज हर वर्ग परेशान है, यह भटकता हुआ नौजवन बहुत बड़ी चुनौती है हमारे सामने, यही नौजवान मप्र का निर्माण करेंगे, पर इनका भविष्य अंधेरे में रहा तो मप्र का कैसे निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि आज आप खुद को बचाना चाहते है या भाजपा को? किसान हो, मजदूर हो, नौजवानों हो किसको बचाना चाहते है आप? कमलनाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है, अतिक्रमण हो रहा है। बाबा साहेब का बनाया हुआ सविधान गलत हाथों में जा रहा है, आज 3 लाख 30 हजार करोड़ का कर्ज मप्र पर है। भाजपा ने यह कर्ज क्या आशा कार्यकर्ताओं, अतिथि शिक्षकों के लिए लिया? नहीं। इन्होंने कर्ज लेकर अपने ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया। अस्पताल हो, स्कूल हो, हर जगह खोखलापना, खोखला प्रदेश बन गया है। जहां देखो वहां खोखलापना। शिवराज पिछले छह-आठ महीने में आपको सब कुछ याद आने लगा, बहने याद आने लगी, पर सबसे ज्यादा अत्याचार महिलाओं पर प्रदेश में हुये। किसानों की याद आने लगी।

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकाल था, हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया, हमें सिर झुकाने की जरूरत नहीं, हमारे काम की गवाह तो आम जनता है। शिवराज जी मुंह चलाने में माहिर है, मुंह चलाने से प्रदेश नहीं चलता, शिवराज कहते हैं एक लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा, मैं तो कहता हूं जो खाली पद हैं पहले उनको भर दीजिए। शिवराज भी अब समझ गये है, और मुंह चलाना बंद कर रहे, बल्कि और ज्यादा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आयेगी, इसमें कोई शक नहीं, सबसे बड़ी चुनौती नौजवानों की है, उनको रोजगार तभी मिलेगा, जब निवेश आयेगा, ये बाजार आर्थिक गतिविधि से चलता है। मैं कहना चाहता हूं आप संकल्प लें पांच महीने बाद माताओं बहनों, नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखेंगे। सरकार आयेगी तो एक मई मजदूर दिवस पर हम अवकाश घोषित करेंगे। मजदूर केवल सम्मान, इज्जत चाहता है, पत्रकारों से कहना चाहता हूं आपको भी सम्मान किया जायेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि कमलनाथ ने देश के विकास में, मप्र के विकास में और भोपाल के विकास मंे जो किया और आगे कांग्रेस की सरकार बनने के बाद काम करने वाले वाले हैं, वह मैं यहां बताना चाहता हूं। आज भोपाल राजधानी है तो कांग्रेस की बदोलत हैं। भेल कांग्रेस और प. नेहरू की बदौलत है। मेडिकल कॉलेज इंजीनियरिग कालेज कांग्रेस की बदोलत है। फारेस्ट मैनेजमेंट स्कूल कमलनाथ जी की बदौदल है। हज यात्रियों को सीधी विमान सुविधा मिली। नर्मदा जल आपूर्ति परियोजना के लिये प्रथम चरण में 306.04 करोड़ रू. की राशि दी। ज्यूडिशियरी एकेडमी खुली, जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीनीकरण योजना के तहत 2153 करोड़ रू. की राशि दी। पर्यावरण मंत्री रहते कमलनाथ ने 300 करोड़ रू. व्हीआईपी रोड़ एवं तालाब की साफ सफाई के लिए दिये, शहरी विकास मंत्री रहते मेट्रो परियोजना की रिपोर्ट बनाने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर को सहायता राशि दी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री रहते हुए मप्र की सड़कांे के लिए 25 हजार करोड़ रू. स्वीकृत किये, मुख्यमंत्री रहते मेट्रो परियोजना की शुरूआत की। फारेस्ट मेनेजमेंट संस्थान खुला, जेएनएनयूआरएम योजना के तहत 609 बसों के लिए 194 करोड़ रूपये की राशि दी। पारंपरिक लाइटों को एलईटी में परिवर्तित किया, मुख्यमंत्री के नाते 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं शुरूआत की। कांग्रेस समय में भेल कारखाना बना उस समय हजारों कर्मचारी थे, लेकिन आज सैकड़ों बचे है। मजदूर दिवस पर हम संकल्प लेते हैं मजदूरों के लिए कड़ा सुरक्षा कानून कांग्रेस लेकर आयेगी। कमलनाथ ने वचनपत्र जारी किया जो कहा है वह किया है, भाजपा की तरह घोषणा पत्र जारी नहीं किया।

पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा कि आज मजदूरों के क्या हाल है, करोना के समय हजारों मजदूरों का भारी गर्मी में जो हालात थे, वह सभी ने देखा है। देश के प्रधानमंत्री का हदय नहीं पसीजा, आज देश का दुर्भाग्य है कि भूख, अज्ञान अशिक्षा पर कोई बहस नहीं होती। मोदी जी रेल में चाय बेचते थे, लेकिन अब में रेल के डिब्बे ही बेच रहे हैं। भोपाल की सातों सीटों पर भाजपा के प्रति जबरदस्त विरोध है, 50 सालों से जनता के लिए भाजपा के विधायकों ने यहां कुछ नहीं किया। जो हमारे देश के महान नेताओं ने सपना देखा था, वह धूल धूसित हो रहा है। धर्म के आधार पर हमें मूलभूत समस्याओं से ध्यान नहीं हटाना है। हमें शांति, समतामूलक, समावेशी भारत का निर्माण करना है। भाजपा जीवन को स्पर्श करने वाले सवालों से जनता का ध्यान मोडने का काम करती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Jyoti Singh Jyoti Singh A Senior Journalist And Co-Founder Of Mission Ki Awaaz.